स्टेट लाइब्रेरी के छात्रों ने दिखाई एकजुटता, आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के लिए पहुंचाया भोजन

Rupa Kumari | August 14, 2026 | 11:21 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े छात्र आंदोलन के बीच रांची स्थित स्टेट लाइब्रेरी में अध्ययन करने वाले छात्रों ने एकजुटता का परिचय देते हुए आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था की। छात्रों ने आपस में चंदा जुटाकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे अभ्यर्थियों तक रात्रि भोजन पहुंचाया। स्टेट लाइब्रेरी के छात्र-छात्राएं स्वयं भोजन लेकर स्टेडियम पहुंचे और आंदोलन में शामिल अपने साथियों के बीच भोजन वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ खड़ा होना उनकी सामूहिक जिम्मेदारी है और वे हर संभव सहयोग के लिए तैयार हैं।

साथियों के समर्थन में आगे आए छात्र

भोजन वितरण के दौरान छात्रों ने कहा कि आंदोलन केवल कुछ लोगों का नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं का है जो पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं। ऐसे समय में आंदोलनकारी छात्रों का मनोबल बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो आगे भी इसी तरह सहयोग जारी रखा जाएगा। छात्रों ने आंदोलनरत अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

यह भी पढ़ें : गढ़वा में 48 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

आंदोलनकारी छात्रों में बढ़ा उत्साह

स्टेट लाइब्रेरी के छात्रों की इस पहल से आंदोलनकारी अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। आंदोलन में शामिल छात्रों ने सहयोग के लिए उनका आभार जताते हुए कहा कि ऐसे समर्थन से उन्हें अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाने का हौसला मिलता है। गौरतलब है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में कई दिनों से अभ्यर्थी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों और छात्र संगठनों की ओर से उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें