Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 और जतरा कार्यक्रम को देखते हुए रांची पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 9 और 10 अगस्त को कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। खास तौर पर 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से SSP आवास मोड़ और SSP आवास मोड़ से बापू वाटिका तक के मार्ग पर 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक नो-एंट्री रहेगी।
यह भी पढ़ें : चाईबासा: शहीद निर्मल महतो की जयंती पर रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और छाता देकर किया सम्मानित
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
कार्यक्रम में बाहर से आने वाले वाहनों के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से रिंग रोड और चांदनी चौक होते हुए आने वाले वाहन इस मैदान में पार्क किए जाएंगे। इसके अलावा शहर के अंदर से आने वाले वाहनों के लिए भी इसी पार्किंग स्थल का इस्तेमाल किया जाएगा। धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से न्यू मार्केट चौक, रेडियम चौक और सिद्दू-कान्हू मोड़ होते हुए आने वाले वाहन भी रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क किए जा सकेंगे।

इन इलाकों में चारपहिया वाहन लेकर निकलने से बचें
रांची ट्रैफिक एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जेल चौक, करमटोली चौक, SSP आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास के मार्गों पर चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने से बचें। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि इन रास्तों पर केवल बेहद जरूरी होने पर ही वाहन लेकर निकलें। भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्ट या वाहनों का परिचालन रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में आने वालों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील
रांची पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के साथ शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।

Reporter | Samachar Post

