गढ़वा के राजेंद्र लाल ने कृत्रिम पैर के लिए लगाई मदद की गुहार, बोले- काम कर परिवार की जिम्मेदारी निभाना चाहता हूं

Meenu | August 2, 2026 | 05:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : भवनाथपुर प्रखंड के रहने वाले राजेंद्र लाल पिछले तीन वर्षों से एक दुर्घटना में पैर गंवाने के बाद बैसाखी के सहारे जीवन बिता रहे हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे राजेंद्र अब सरकार और समाजसेवियों से कृत्रिम पैर (आर्टिफिशियल लेग) उपलब्ध कराने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि उन्हें कृत्रिम पैर मिल जाए तो वे दोबारा काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकेंगे। राजेंद्र लाल ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले हुई एक दुर्घटना में उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके बाद उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती चली गई। उन्होंने कहा कि शारीरिक असमर्थता के कारण वे नियमित रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

यह भी पढ़ें : रांची में आंदोलनरत JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से मिले कांग्रेस नेता कुमार राजा, सरकार तक मांगें पहुंचाने का दिया भरोसा

परिवार की जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं

राजेंद्र के अनुसार, उनकी दो बेटियां अभी अविवाहित हैं और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उनका कहना है कि यदि उन्हें कृत्रिम पैर मिल जाए तो वे फिर से मेहनत-मजदूरी या अन्य कोई रोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सहायता प्राप्त करना नहीं, बल्कि दोबारा अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार की जिम्मेदारियां निभाना है।

सरकार और समाजसेवियों से सहायता की अपील

राजेंद्र लाल ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संस्थाओं और सक्षम लोगों से मानवीय आधार पर मदद की अपील की है। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वे विभिन्न स्तरों पर सहायता की उम्मीद लगाए हुए हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी। उन्होंने प्रशासन से जल्द कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें और अपने परिवार का सहारा बन सकें।

Share this news

संबंधित खबरें