Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की गढ़वा जिला कमेटी की बैठक रविवार को पूर्व मंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के कल्याणपुर स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शम्भू राम ने की। इसमें 4 अगस्त को आयोजित होने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें : MGM से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव, विधायक सरयू राय ने सरकार से मांगी मंजूरी
शिबू सोरेन के योगदान को बताया ऐतिहासिक
बैठक को संबोधित करते हुए मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में दिशोम गुरु शिबू सोरेन का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

4 अगस्त को होंगे श्रद्धांजलि और सेवा कार्यक्रम
मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 4 अगस्त को आयोजित प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शिबू सोरेन के विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने बताया कि गढ़वा जिला कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि सभा के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र और भोजन वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी जिलों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। गढ़वा में सांकेतिक रूप से भगवान बिरसा मुंडा पार्क में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। बैठक में तय किया गया कि गढ़वा जिले के सभी प्रखंडों में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय स्थित भगवान बिरसा मुंडा पार्क में मुख्य श्रद्धांजलि सभा होगी, जहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। बैठक में पार्टी के केंद्रीय, जिला और प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Reporter | Samachar Post

