Samachar Post रिपोर्टर,रांची : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए झारखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। श्रद्धालुओं के सुगम जलार्पण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात संचालन को सुचारू रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 21 अस्थायी मेला ओपी, 13 अस्थायी ट्रैफिक ओपी और 40 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। इसके तहत 21 अस्थायी मेला ओपी और 13 अस्थायी यातायात ओपी अधिसूचित किए गए हैं। इसके अलावा 9 महत्वपूर्ण स्थलों पर भी विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। इन विशेष केंद्रों में कंट्रोल रूम, उमा भवन, बाबा मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार तथा स्पेशल क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के प्वाइंट शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह पहुंचे उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, अधिकारियों ने किया स्वागत
40 DSP और तीन इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की तैनाती
श्रावणी मेले की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 40 डीएसपी तथा तीन इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन अधिकारियों की तैनाती कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए की गई है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना है। इसके लिए मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। साथ ही भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक संचालन के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Reporter | Samachar Post

