Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित कौशल्या कॉम्प्लेक्स में पीपी ज्वेलर्स से करीब 65 लाख रुपये के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना अमित कुमार सिंह उर्फ अमित सिंगारी और उसके साथी रजनीश लाल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने चोरी किए गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
यह भी पढ़ें : डिमना डैम में दो जूनियर डॉक्टरों की मौत: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दोस्त की भूमिका पर उठाए सवाल
कार से रांची आता, चोरी कर जमशेदपुर में बेच देता था जेवर
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना अमित सिंगारी जमशेदपुर के सुंदरनगर का रहने वाला है। वह अपने साथियों के साथ कार से रांची और अन्य जिलों में पहुंचकर ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद सभी जेवर जमशेदपुर ले जाकर बेच दिए जाते थे। गौरतलब है कि 10 जून की रात पीपी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर करीब 65 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही थी।
पांच सदस्यीय गैंग बनाकर देता था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार अमित सिंगारी ने चोरी के लिए पांच सदस्यीय गिरोह तैयार किया था। प्रशासन ने उसे पहले ही जिला बदर किया था, लेकिन इसके बावजूद वह छिपकर जमशेदपुर में रह रहा था और अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवर मानगो रोड नंबर-15 स्थित मनसा ज्वेलर्स में बेचे जाते थे। इसके बाद पुलिस ने दुकान में छापेमारी कर चोरी के सभी जेवर बरामद कर लिए।

रांची, खूंटी समेत कई जिलों में सक्रिय था गिरोह
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह रांची, खूंटी समेत कई जिलों में सक्रिय था। मामले में गिरोह के अन्य सदस्य पिल्ले, दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार और मोहम्मद अफरोज को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस पूछताछ में अमित सिंगारी ने बताया कि उसे जुआ खेलने की लत थी। जुए में लगातार पैसा हारने के बाद उसने नुकसान की भरपाई के लिए चोरी का रास्ता अपनाया। चोरी के जेवर बेचकर मिलने वाली रकम भी वह दोबारा जुए में लगा देता था, लेकिन अधिकांश पैसा वहीं हार जाता था। यह जानकारी पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में सामने आई है।
बड़ी मात्रा में चोरी के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के जेवर बरामद किए हैं। इनमें 94 चांदी की अंगूठियां, 128 लॉकेट, 65 ताबीज, 19 जोड़ी कान के रिंग, 28 जोड़ी पायल, 123 जोड़ी बिछिया, 3 मेहंदी हसुला, 1 जोड़ी चरण पादुका, 9 ब्रेसलेट, 30 कड़े, 13 अतिरिक्त बिछिया और 11 चेन शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

Reporter | Samachar Post

