झारखंड होमगार्ड जवानों के लिए 365 दिन ड्यूटी की मांग, नई तैनाती नीति बनाने की पहल

Meenu | July 24, 2026 | 12:20 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य के होमगार्ड जवानों को वर्षभर ड्यूटी और समान अवसर दिलाने के लिए नई पहल शुरू की है। संगठन ने 365 दिन ड्यूटी और पारदर्शी तैनाती नीति लागू करने की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें : कोडरमा में KYC के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, राशन डीलर पर 50 रुपये मांगने का दावा

सुप्रीम कोर्ट परिसर में हुई महत्वपूर्ण बैठक

इस संबंध में संगठन के विधिक सलाहकार और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अभय कांत मिश्रा के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी, प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी समेत संगठन के कई प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में होमगार्ड जवानों की ड्यूटी, तैनाती और कार्य आवंटन से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि सभी जवानों को साल भर समान, पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से ड्यूटी मिले, इसके लिए नई ड्यूटी आवंटन एवं तैनाती नीति तैयार की जानी चाहिए। संगठन ने कहा कि वह इस संबंध में जल्द ही राज्य सरकार के समक्ष विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करेगा।

सरकार कार्रवाई नहीं करती तो हाईकोर्ट जाएंगे

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार तय समय सीमा के भीतर इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो संगठन झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर कर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग करेगा। इसके लिए संगठन राज्यभर से तथ्य और दस्तावेज जुटाने की तैयारी कर रहा है।

जिलों से जुटाए जाएंगे ड्यूटी और तैनाती के आंकड़े

प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी ने बताया कि संगठन सभी जिलों में जाकर जवानों की वर्तमान ड्यूटी स्थिति, तैनाती के तरीके और अन्य आवश्यक अभिलेख एकत्र करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल तभी सफल होगी जब राज्य के सभी होमगार्ड जवान एकजुट होकर सहयोग करेंगे। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश भर के जवानों से अपील की है कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और 365 दिवस ड्यूटी सुनिश्चित करने की इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Share this news

संबंधित खबरें