Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े मोबाइल छिनतई की घटना सामने आई। एटीएस मुख्यालय के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी सवार युवती के हाथ से मोबाइल छीन लिया। हालांकि, युवती ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का पीछा किया और स्थानीय लोगों की मदद से अपना मोबाइल वापस हासिल कर लिया। जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई को दोपहर करीब 12:15 बजे धुर्वा डैम साइड निवासी वर्षा कुमारी स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान एटीएस मुख्यालय के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार होने लगे।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाएं भूल चुकी, JPSC मामलों की हो CBI जांच: आदित्य साहू
पीछा कर वापस लिया मोबाइल
मोबाइल छिनने के बाद वर्षा कुमारी ने हिम्मत नहीं हारी और स्कूटी से बदमाशों का पीछा करते हुए शहीद मैदान तक पहुंच गईं। मछली मार्केट के सामने ट्रैफिक जाम में बदमाशों की बाइक रुक गई। युवती ने उनसे अपना मोबाइल वापस मांगा, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसने बदमाशों की जेब से अपना मोबाइल निकालकर वापस ले लिया।

पुलिस को देखकर फरार हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी अपनी बाइक छोड़कर शालीमार बाजार की ओर पैदल फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई Gixxer बाइक पर नंबर प्लेट के ऊपर स्टिकर लगा था, जिस पर JH01-FV-1310 अंकित था। पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पीड़िता वर्षा कुमारी ने धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि छिनतई के दौरान वह गिरते-गिरते बचीं। पुलिस बाइक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Reporter | Samachar Post

