रांची में घनी आबादी वाले इलाकों में खुल सकते हैं नए OP और TOP, पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा प्रस्ताव

Meenu | July 16, 2026 | 01:35 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची में लोगों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में रांची पुलिस बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। एसएसपी राकेश रंजन ने घनी आबादी वाले क्षेत्रों और थानों से अधिक दूरी वाले इलाकों में नए आउट पोस्ट (OP) और टाउन आउट पोस्ट (TOP) खोलने का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से भी सुझाव लेगी, ताकि जरूरत के अनुसार नए पुलिस केंद्र स्थापित किए जा सकें।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में 100 करोड़ के फर्जी GST इनवॉइस रैकेट का खुलासा, स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा गिरफ्तार

लोगों की सुविधा और सुरक्षा को मिलेगी प्राथमिकता

रांची पुलिस का मानना है कि कई क्षेत्रों में थाना काफी दूर होने के कारण लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों, को शिकायत दर्ज कराने में परेशानी होती है। कई लोग सीधे वरीय अधिकारियों के पास पहुंचते हैं, लेकिन थाना दूर होने के कारण वहां जाने से हिचकिचाते हैं। इसी को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मोहल्लों के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत कर फीडबैक लें और उन क्षेत्रों की पहचान करें, जहां OP या TOP की सबसे अधिक जरूरत है।

इन थाना क्षेत्रों में महसूस की जा रही जरूरत

प्रारंभिक स्तर पर नामकुम, जगन्नाथपुर, सुखदेवनगर, बरियातू और सदर थाना क्षेत्र ऐसे इलाकों में शामिल हैं, जहां आबादी तेजी से बढ़ी है और पुलिस सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। नामकुम थाना का क्षेत्र ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों तक फैला हुआ है। कांटाटोली, मौलाना आजाद कॉलोनी, लोआडीह और सामलौंग जैसे इलाकों से थाना काफी दूर पड़ता है। ऐसे में पुराने नामकुम थाना परिसर (ESI अस्पताल के सामने) के पास एक TOP खोलने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। वहीं, जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में पहले से पुंदाग OP संचालित है, लेकिन बढ़ती आबादी को देखते हुए एक और TOP की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी तरह बरियातू और सुखदेवनगर थाना क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस चौकी की आवश्यकता बताई गई है।

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम पर भी जोर

रांची पुलिस लोगों को त्वरित न्याय और आसान पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन शिकायत समाधान कार्यक्रम भी चला रही है। यह कार्यक्रम जिले के सभी थानों में आयोजित किया जा रहा है, जहां लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई भी की जा रही है। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि यह पहल अभी शुरुआती चरण में है। अगले दो से तीन महीनों में इसकी समीक्षा कर कार्यक्रम की सफलता और प्रभाव का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

राजधानी की पुलिसिंग को और मजबूत बनाने की तैयारी

रांची पुलिस का मानना है कि राजधानी की कानून-व्यवस्था पूरे राज्य की पुलिसिंग की छवि प्रस्तुत करती है। इसलिए पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुलभ और नागरिकों के अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए OP और TOP खुलने से पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा और आम लोगों को पुलिस सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकेंगी।

Share this news

संबंधित खबरें