Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र में रविवार को एक निजी विद्यालय के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। संजय नदी स्थित चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे से बरामद शव की पहचान नुआगढ़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है। वह मिरुडीह स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह में SIR-2026 अभियान तेज, अधिकारियों ने किया डोर-टू-डोर निरीक्षण
शादी समारोह में गए थे शिक्षक, रातभर नहीं मिला सुराग
परिजनों के अनुसार, जीतन महतो शनिवार शाम करीब छह बजे माणिक बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके साथ गांव के तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन पूरी रात उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे संजय नदी में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
नदी से शव बरामद, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
सूचना मिलने के बाद सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और पहचान कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

परिजनों ने उठाए सवाल, जांच की मांग
मृतक के बड़े पिताजी लक्खी पति महतो ने आरोप लगाया कि शादी समारोह में जीतन महतो के साथ मौजूद लोगों ने उनके लापता होने की जानकारी परिवार को काफी देर से दी। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सूचना मिल जाती तो उनकी तलाश पहले शुरू की जा सकती थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह मामला केवल दुर्घटना नहीं हो सकता, इसलिए पुलिस को हर पहलू की गहन जांच करनी चाहिए। मृतक के भाई ने भी कहा कि परिवार किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहता, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने मृतक की नाक से खून निकलने की बात कही है। हालांकि पुलिस या पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिवार में पसरा मातम
जीतन महतो अपने परिवार के बड़े पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्र सहित अन्य परिजन हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

