आदित्यपुर में ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल समेत कई उपकरण जब्त

Meenu | July 12, 2026 | 01:11 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में पुलिस ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग (जुआ) के एक संगठित रैकेट का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग के संचालन में इस्तेमाल किए जा रहे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है।

यह भी पढ़ें : करबिगहिया अपहरण-हत्याकांड पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, सेक्स रैकेट और पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

विशेष टीम ने शिवनारायणपुर में की छापेमारी

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने शिवनारायणपुर स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार (बेगूसराय, बिहार), गुलशन कुमार (खगड़िया, बिहार), मनोज कुमार (बागबेड़ा, जमशेदपुर, मूल पता भोजपुर, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

15 मोबाइल, दो लैपटॉप समेत कई सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। बरामद सामानों में शामिल हैं 13 सिम कार्ड (BSNL, Jio और Airtel), 15 स्मार्टफोन (Oppo, Vivo, iPhone और Poco), 2 लैपटॉप (Dell और HP), 2 Airtel Air Fiber आउटडोर यूनिट, 2 ड्यूल बैंड Wi-Fi डिवाइस, 4 हिसाब-किताब की कॉपियां, एक डायरी, SBI, Kotak Mahindra Bank और दक्षिण ग्रामीण बैंक के 3 डेबिट कार्ड, 6 UPI QR कोड की फोटोकॉपी, बैंक खातों और QR कोड के जरिए होता था लेन-देन। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी विभिन्न बैंक खातों और QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन बेटिंग की रकम का लेन-देन करते थे। अब पुलिस जब्त किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप और बैंकिंग दस्तावेजों की तकनीकी जांच कर रही है।

जुआ और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज, अन्य लोगों की तलाश जारी

SDPO अनुभव भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई है। जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। आदित्यपुर थाना में आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share this news

संबंधित खबरें