Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक, मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के पास एक महिला सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के दौरान महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई।
डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट ले जाने का आरोप
पीड़िता के बयान के अनुसार, दो युवकों ने उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट क्षेत्र की ओर ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पेशे से चालक हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, एक अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं। बरामद वस्तुओं को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC में नौकरी दिलाने का झांसा देकर वसूली का आरोप, चौका थाना में संदिग्ध से पूछताछ
पीड़िता का इलाज जारी
पुलिस ने बताया कि पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

