Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। मामले को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कांके थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह को 3 जुलाई की रात एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने 10 दिनों के भीतर 2 करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद कारोबारी ने संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया।
व्हाट्सएप पर भेजा गया धमकी भरा संदेश
शिकायत में कहा गया है कि 5 जुलाई को एक अन्य अंतरराष्ट्रीय नंबर से दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें एक सप्ताह के भीतर 2 करोड़ रुपये और मासिक 10 लाख रुपये देने की मांग दोहराई गई।
पेट्रोल पंप, घर और मॉल को निशाना बनाने की धमकी
कारोबारी के अनुसार, संदेश में उनके पेट्रोल पंप, आवास और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी तथा फायरिंग कराने की धमकी दी गई है। साथ ही उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाने और पूरे परिवार को खत्म करने की चेतावनी भी दी गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि धमकी देने वालों के पास उनके परिवार और व्यवसाय से जुड़ी विस्तृत जानकारी मौजूद है। पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि धमकी भरे संदेश के अंत में कुछ आपराधिक गिरोहों और व्यक्तियों के नाम लिखे गए हैं। कारोबारी ने संबंधित व्हाट्सएप संदेशों की प्रतियां भी पुलिस को सौंप दी हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पारिवारिक विवाद का भी किया जिक्र
शिकायत में कारोबारी ने यह भी उल्लेख किया है कि पिछले लगभग एक महीने से उनके भतीजे के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि मकान खाली करने की बात उठाने पर उन्हें इस प्रकार की धमकियां मिलने लगी हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: पलामू में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकली स्टीकर बरामद
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

