Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में नहाने के दौरान डूबे दूसरे स्कूली छात्र का शव भी रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्रों के शव मिल चुके हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें :दिल्ली में बाबूलाल मरांडी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अहम बैठक, संगठन मजबूती और झारखंड के मुद्दों पर चर्चा
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे दोनों छात्र
जानकारी के अनुसार, कल्पनापुरी निवासी उत्सव और एस-टाइप निवासी कुश शनिवार दोपहर करीब एक बजे आसंगी चेक डैम में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। शनिवार को गोताखोरों की मदद से कुश का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि उत्सव की तलाश देर रात तक जारी रही। हालांकि, अंधेरा होने के कारण उसे खोजा नहीं जा सका। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने चेक डैम में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान उत्सव के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो स्कूली छात्रों की असमय मौत से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोग गहरे दुख में हैं।

सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आसंगी चेक डैम में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चेक डैम के आसपास जल्द से जल्द सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Reporter | Samachar Post

