Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के साथ हुई बैठक में उन्होंने झारखंड के लिए विशेष स्वास्थ्य पैकेज, रांची में नए AIIMS और मेडिकल शिक्षा के विस्तार का मुद्दा उठाया। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, राज्य सरकार एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 5000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मांगी गई है।
रांची में AIIMS खोलने की मांग
इरफान अंसारी ने कहा कि AIIMS देवघर राज्य की राजधानी रांची से काफी दूरी पर स्थित है। ऐसे में राजधानी में भी एक नए AIIMS की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी मांग को केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है। उन्होंने बताया कि झारखंड में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेद विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव पर भी केंद्र ने सकारात्मक रुख दिखाया है और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
धनबाद और जमशेदपुर मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल शिक्षा के विस्तार के तहत धनबाद और जमशेदपुर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों को 200 तक और पीजी सीटों को 250 तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने हेतु करीब 800 से 1600 करोड़ रुपये तक की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी भी दी गई है।

400 ममता एंबुलेंस और विशेष स्वास्थ्य पैकेज की मांग
राज्य में नवजात और शिशु मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार से 400 छोटी ममता एंबुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा 108 एंबुलेंस सेवा के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता तथा सहिया कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि का भी प्रस्ताव भेजा गया है।इरफान अंसारी ने कहा कि मलेरिया, फाइलेरिया, सिकल सेल एनीमिया, अस्थमा और टीबी जैसी बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए झारखंड को विशेष पैकेज दिए जाने की मांग की गई है। साथ ही पोर्टेबल एक्स-रे, एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों की उपलब्धता बढ़ाने का भी आग्रह किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को मुफ्त में NEET परीक्षा की तैयारी कराने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए पात्र छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ, 12 प्रखंडों की टीमें मैदान में
बारिश के मौसम में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मानसून के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों और सिविल सर्जनों को मलेरिया, हैजा और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने लोगों से सर्पदंश के मामलों में अंधविश्वास से बचने की अपील करते हुए कहा कि सांप काटने पर झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए। उनके अनुसार राज्य के सभी अस्पतालों में एंटी-वेनम दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे समय पर इलाज मिलने पर जान बचाई जा सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

