Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ीडंगाल गांव में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली गिरने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनका भाई बेहोश हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार गहरे सदमे में है।
यह भी पढ़ें :हिमांशु हत्याकांड: भाजपा ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का किया आह्वान, परिजन न्याय की मांग पर अड़े
शाम करीब 7 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7 बजे इलाके में तेज बारिश और गर्जन हो रही थी। इसी दौरान शिवलाल मुर्मू के घर के पास जोरदार वज्रपात हुआ। परिवार के मुताबिक, उस समय 11 वर्षीय मीरू मुर्मू, 6 वर्षीय अनिता मुर्मू और 13 वर्षीय देवीलाल मुर्मू कमरे के अंदर जमीन पर सो रहे थे। अचानक बिजली गिरने के बाद परिवार के लोग घबरा गए। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो दोनों बहनें अचेत पड़ी थीं, जबकि उनका भाई बेहोशी की हालत में था। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक मीरू और अनिता की मौत हो चुकी थी। घायल देवीलाल का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद मां सोनामुनी बास्की और पिता शिवलाल मुर्मू का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बेटियों के जाने से घर की रौनक खत्म हो गई। मृतक बहनों के तीन भाई भी सदमे में हैं, जबकि सबसे छोटा भाई अभी इतना छोटा है कि उसे यह तक समझ नहीं है कि उसकी बहनें अब इस दुनिया में नहीं रहीं।

एक कमरे के कच्चे घर में रहता था परिवार
बताया जा रहा है कि शिवलाल मुर्मू अपनी पत्नी और छह बच्चों के साथ मिट्टी और खपरैल से बने एक कमरे के घर में रहते थे। ग्रामीणों के अनुसार परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और लंबे समय से बेहतर आवास की जरूरत महसूस कर रहा था। दोनों बहनों की मौत की खबर सुनकर उनकी सहेलियां भी घर पहुंचीं। गांव में उनके साथ खेलने वाली बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से मर्माहत है।

सांसद प्रतिनिधि ने की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद प्रतिनिधि जोन सोरेन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही काठीकुंड BDO से बात कर पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।

Reporter | Samachar Post

