Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 1042 चयनित सहायक आचार्यों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजधानी रांची के खेलगांव स्थित इंडोर टाना भगत स्टेडियम में आयोजित विशेष समारोह के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में उनकी पदस्थापना की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए चयनित इन सहायक आचार्यों की नियुक्ति भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों में की जा रही है। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस चरण में सबसे अधिक नियुक्तियां पलामू जिले में की जाएंगी, जबकि अन्य जिलों में भी आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती होगी।
स्कूलों में शिक्षकों की कमी होगी दूर
राज्य सरकार का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे पहले भी हजारों शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है और शेष रिक्त पदों को भरने के लिए चरणबद्ध तरीके से बहाली प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें: हुल दिवस पर जामताड़ा में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन, चंपाई सोरेन की मौजूदगी में निकलेगी भव्य बाइक रैली
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवंटित जिलों में योगदान देना होगा। सरकार को उम्मीद है कि नई नियुक्तियों से सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह नियुक्ति कार्यक्रम राज्य के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पद भरने की दिशा में राहत मिलेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

