हुल दिवस पर जामताड़ा में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन, चंपाई सोरेन की मौजूदगी में निकलेगी भव्य बाइक रैली

Rupa Kumari | June 29, 2026 | 12:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : हुल दिवस के अवसर पर 30 जून को पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन जामताड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान वे अमर शहीद सिदो-कान्हू की स्मृति में आयोजित भव्य बाइक रैली में शामिल होंगे और बाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। आयोजन को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं।आदिवासी सावता सुसार आखड़ा के संयोजक मंगल सोरेन ने बताया कि बाइक रैली की शुरुआत पोसोई मोड़ से होगी। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामपुर चौक टोला और अमलाबानी चौक पहुंचेगी। यहां चंपाई सोरेन शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे आयोजित जनसभा में लोगों को संबोधित करेंगे।

29 जून की शाम से शुरू होंगे हुल दिवस के कार्यक्रम

हुल दिवस के आयोजन की शुरुआत 29 जून की शाम से ही हो जाएगी। फतेहपुर अंचल के मंझला चला गांव में पारंपरिक ढोल, नगाड़े और मांदर की थाप के बीच वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से हुल आंदोलन के इतिहास और आदिवासी समाज की वीरता की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: सड़क किनारे चल रही युवती को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचला, चाईबासा में दर्दनाक हादसा

आयोजन को सफल बनाने के लिए बनी संचालन समिति

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आदिवासी सावता सुसार आखड़ा ने विशेष संचालन समिति का गठन किया है। समिति में उत्तम हेम्बरम, सोनमुनी हेमब्रम और अबीता हांसदा को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं दारासिंग हेमब्रम, सालेश हेमब्रम, अर्जुन सोरेन और सूखेन्द्र टुडू सहित कई कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व दिए गए हैं। आयोजकों का दावा है कि बाइक रैली और जनसभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। अमलाबानी और आसपास के गांवों के ग्रामीण भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें