Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड के चर्चित शराब नीति मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव तथा उनके बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। एजेंसी ने रोहित उरांव को 29 जून को सुबह 11 बजे और रामेश्वर उरांव को 30 जून को रांची स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क किनारे खड़े लोगों को मारी टक्कर, आधा दर्जन से अधिक घायल
योगेंद्र तिवारी से जुड़े मामले में पूछताछ
ED के अनुसार, पूछताछ शराब नीति से जुड़े मामले और कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित जांच के क्रम में की जा रही है। इससे पहले एजेंसी ने जांच के दौरान रामेश्वर उरांव, रोहित उरांव और अन्य संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। इसके बाद से दोनों के नाम जांच के दायरे में हैं। जांच के दौरान ED को कथित तौर पर ऐसे दस्तावेज मिले थे, जिनमें रोहित उरांव द्वारा शराब कारोबार के लिए एक एकरारनामा किए जाने का उल्लेख है। हालांकि अब तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एकरारनामा होने के बावजूद उन्होंने शराब कारोबार शुरू नहीं किया था। एजेंसी इसी पहलू से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
नई आबकारी नीति और कारोबारी संबंधों पर सवाल
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ED यह जानने का प्रयास करेगी कि रामेश्वर उरांव का शराब कारोबार से जुड़े व्यक्तियों या कंपनियों के साथ किसी प्रकार का आर्थिक या व्यावसायिक संबंध था या नहीं। इसके अलावा वर्ष 2022 की नई आबकारी नीति के निर्माण और उससे जुड़े प्रशासनिक निर्णयों पर भी सवाल पूछे जा सकते हैं। वहीं रोहित उरांव से बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और कथित कारोबारी साझेदारी से जुड़े मामलों पर पूछताछ की जा सकती है।

आबकारी नीति मामले में जारी है जांच
यह मामला राज्य की आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज प्राथमिकी के बाद सामने आया था। इसी आधार पर ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि समय पर आरोपपत्र दाखिल नहीं होने के कारण गिरफ्तार आरोपियों को अदालत से डिफॉल्ट जमानत मिल चुकी है। फिलहाल ED दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच आगे बढ़ा रही है।

Reporter | Samachar Post

