जमीन विवाद में युवक को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद

Meenu | June 28, 2026 | 04:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :नामकुम थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, नामकुम थाना क्षेत्र के सामलौंग स्थित एक अपार्टमेंट के पास जमीन विवाद को लेकर मोहम्मद शमशेर को गोली मारी गई थी। घटना के बाद आरोपी मोहम्मद खालिद उर्फ खालिद बंगाली फरार चल रहा था।

यह भी पढ़ें :अफीम की खेती और तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार, बाइक से ले जा रहा था मादक पदार्थ

पूछताछ में जमीन विवाद का खुलासा

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका मोहम्मद शमशेर और उसके पिता सउद आलम के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। आरोपी ने बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र के कुटियातु स्थित आर्मी ग्राउंड के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही दो युवक अलग-अलग दिशा में भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद खालिद उर्फ खालिद बंगाली के रूप में हुई है। उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें