Samachar Post रिपोर्टर,रांची :प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून और रामेश्वर उरांव को 30 जून को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार, ईडी योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब कारोबार और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। इसी जांच के क्रम में पहले रामेश्वर उरांव, रोहित उरांव और अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी। इसके बाद से दोनों के नाम इस मामले में जांच के दायरे में हैं।
यह भी पढ़ें :ईचागढ़ में जानलेवा हमले के 6 दिन बाद भी आरोपी फरार, पीड़ित परिवार ने गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग उठाई
शराब कारोबार के एकरारनामे की जांच
जांच के दौरान ईडी को रोहित उरांव के नाम से शराब कारोबार के लिए एक एकरारनामा मिलने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि जांच एजेंसी के अनुसार, एकरारनामा होने के बावजूद उन्होंने शराब कारोबार शुरू नहीं किया था। इसी पहलू को लेकर अब ईडी उनसे पूछताछ करेगी।

उत्पाद नीति लागू होने से पहले था बड़ा नेटवर्क
ईडी की जांच के अनुसार, वर्ष 2022 की नई उत्पाद नीति लागू होने से पहले झारखंड के अधिकांश जिलों में शराब के थोक कारोबार पर योगेंद्र तिवारी से जुड़ी कंपनियों का प्रभाव था। मामले की जांच पूरी होने के बाद ईडी इस केस में पहली प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट भी दाखिल कर चुकी है। ईडी अब मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, कारोबारी संबंधों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर तय की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

