Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को रांची के टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित समारोह में 1,042 चयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
यह भी पढ़ें :पलामू में सड़क हादसों पर सीएम हेमंत सोरेन सख्त, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में होगी नियुक्ति
शिक्षा विभाग के अनुसार, नियुक्ति प्रक्रिया की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जिला स्थापना समितियों की अनुशंसा के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं। इन शिक्षकों की तैनाती से प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पद भरने में मदद मिलेगी।
किस कक्षा के लिए कितने शिक्षक?
इस चरण में कुल 1,042 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जाएगी, जिनमें—
- कक्षा 1 से 5: 274 शिक्षक
- कक्षा 6 से 8: 768 शिक्षक
मध्य विद्यालयों में विषयवार नियुक्तियां इस प्रकार होंगी—
- सामाजिक विज्ञान – 387
- गणित एवं विज्ञान – 231
- भाषा – 150

पलामू में सबसे अधिक, रामगढ़ में सबसे कम नियुक्तियां
जिलावार आंकड़ों के अनुसार पलामू में सबसे अधिक 123 शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इसके बाद—
- गिरिडीह – 92
- कोडरमा – 81
- साहिबगंज – 63
- पश्चिमी सिंहभूम – 61
- देवघर – 59
- दुमका – 54
- गोड्डा – 53
- पाकुड़ – 51
वहीं रामगढ़ में सबसे कम 4 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
26 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी
राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में करीब 26 हजार सहायक आचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी। अब तक लगभग 12,500 शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। 29 जून को होने वाले नियुक्ति पत्र वितरण के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी।

Reporter | Samachar Post

