ACB के विशेष लोक अभियोजक की कार को टक्कर मारने वाला आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची पुलिस ने झारखंड हाईकोर्ट में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के विशेष लोक अभियोजक विनीत कुमार वशिष्ठ की कार को टक्कर मारने के मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। जगन्नाथपुर थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें :झारखंड में सुस्त पड़ा मॉनसून, 24 दिनों में 58% कम बारिश; कई जिलों में लू का असर जारी

भोला महतो की हुई पहचान

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान भोला महतो के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि उसका संबंध दो अलग-अलग स्थानों से है। उसका एक आवास रांची के हराताड़ क्षेत्र में है, जबकि दूसरा खूंटी जिले में बताया जा रहा है। पुलिस दोनों स्थानों से जुड़े तथ्यों और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया है कि घटना के समय वह नशे की हालत में नहीं था। हालांकि पुलिस उसके बयान की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दुर्घटना या साजिश? हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मामला महज सड़क दुर्घटना है या इसके पीछे किसी तरह की साजिश थी। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, वाहन की रफ्तार, दुर्घटना की परिस्थितियों और आरोपी की गतिविधियों का विश्लेषण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों और तथ्यों की जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

जांच पर जताया भरोसा

विशेष लोक अभियोजक विनीत कुमार वशिष्ठ ने कहा कि उन्हें झारखंड पुलिस की जांच प्रक्रिया और राज्य सरकार पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वशिष्ठ ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और उम्मीद है कि पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाएगी।

संबंधित खबरें