Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर जगन्नाथपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। शिकायतकर्ता निकू कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी शादी 14 मार्च 2026 को सुनील सिंह के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी में परिवार की ओर से नकद राशि, आभूषण और घरेलू सामान सहित पर्याप्त उपहार दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त धन की मांग करता रहा।
मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि पति शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करता था। साथ ही सास, गोतनी और भैंसुर द्वारा भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में कहा गया है कि उनसे 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था और विरोध करने पर दुर्व्यवहार किया जाता था। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया है कि कई बार उन्हें भोजन तक नहीं दिया गया और लगातार दबाव एवं प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। शिकायत के अनुसार, 20 जून को मायके छोड़ने के दौरान भी विवाद हुआ। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने मायके पहुंचकर हंगामा किया, गाली-गलौज की और परिवार के सदस्यों को धमकियां दीं।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा के युवक के आधार नंबर से राजस्थान में राशन उठाने का मामला, जांच के आदेश

पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर पति, सास, गोतनी और भैंसुर के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है और मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

