Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित ओसीसी कंपाउंड में बुधवार तड़के एक अपार्टमेंट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना बंगला स्कूल के पीछे स्थित श्रीपति लाल अपार्टमेंट की है, जहां सुबह करीब 5 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना मिली।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट के बेसमेंट के समीप लगे बिजली मीटर और लिफ्ट से जुड़े हिस्से में आग भड़क उठी। आग लगते ही वहां धुआं फैलने लगा, जिससे भवन में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी।
20 मिनट में आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और डेली मार्केट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और आग अन्य हिस्सों में फैलने से रोक ली गई। घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। अपार्टमेंट के सभी निवासी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बोकारो SP का देर रात औचक निरीक्षण, थानेदारों को दिए सुरक्षा और गश्त मजबूत करने के निर्देश

जांच में जुटे अधिकारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कार्रवाई की सराहना की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

