Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। झिरी निवासी संजीत गाड़ी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह स्कूटी से रिंग रोड होते हुए तिलता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास करते हुए गाली-गलौज की। स्थिति को देखते हुए वह वहां से आगे बढ़ गए, लेकिन आरोप है कि युवक उनका पीछा करने लगे।
स्कूटी फिसलने के बाद हुआ हमला
पीड़ित के अनुसार, तिलता चौक के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसी दौरान तीन युवकों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट की। घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उन्हें चिकित्सकीय उपचार कराना पड़ा। बताया गया है कि सिर में लगी चोट पर चार टांके लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: रांची में युवक ने बार संचालक और स्टाफ पर जानलेवा हमले का लगाया आरोप, थाने में शिकायत दर्ज

पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद की गई पूछताछ में एक आरोपी की पहचान अमन सिंह के रूप में हुई है, जो आनंद नगर, झिरी का निवासी बताया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर रातू थाना पुलिस ने अमन सिंह और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

