रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 18.66 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 23, 2026 | 11:02 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखदेवनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुरला पहाड़ इलाके में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 18.66 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, 4 हजार रुपये नकद, एक ऑटो और एक स्कूटी बरामद की गई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरला पहाड़ क्षेत्र में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम को देखते ही दो युवक मौके से भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।

तलाशी में मिला ब्राउन शुगर

गिरफ्तार युवकों की पहचान न्यू शांति नगर निवासी जितेंद्र कुमार सिंह और चुना भट्ठा रोड निवासी राहुल कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में जितेंद्र के पास से 12.97 ग्राम और राहुल के पास से 5.69 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इस तरह दोनों के पास से कुल 18.66 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में सड़क को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, शतसाल नीचे टोला ने दी चेतावनी- ‘रोड नहीं, तो वोट नहीं’

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। इसके बाद सुखदेवनगर थाना में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें