Samachar Post रिपोर्टर,पूर्वी सिंहभूम :चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह चाकुलिया–मटिहाना सड़क पर दिघी गांव के पास दो ट्रेलरों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई और वे धू-धू कर जलने लगे। इस हादसे में दोनों ट्रेलर चालक घायल हो गए, हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से उनकी जान बचा ली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रेलर बहरागोड़ा से चाकुलिया की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा वाहन विपरीत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान दोनों ट्रेलरों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों वाहनों से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
यह भी पढ़ें :सरायकेला NH-33 पर शराब से लदी पिकअप पलटी, 4.62 लाख की ‘ओल्ड मॉन्क’ नष्ट; ग्रामीणों ने बची बोतलें उठाईं
स्थानीय लोगों ने बचाई चालकों की जान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों चालकों को केबिन से बाहर निकाला। समय रहते बचाव कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया और दोनों की जान बच सकी। घायलों की पहचान ट्रेलर संख्या PB-10-KK-3719 के चालक करमचंद और दूसरे ट्रेलर WB-37-E-5113 के चालक लालू यादव (बिहार निवासी) के रूप में हुई है।

दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण सड़क पर आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

