Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भाजपा झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह को केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। यह नियुक्ति गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा की गई है। हिंदी सलाहकार समिति का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना, उसकी प्रगति की समीक्षा करना और सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को मजबूत बनाने के लिए सुझाव देना है।
केंद्रीय मंत्री करते हैं समिति की अध्यक्षता
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री करते हैं। समिति में सांसदों के अलावा साहित्य, शिक्षा, मीडिया और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी शामिल किया जाता है, ताकि राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया जा सके।
अजय साह ने जताया आभार
समिति का सदस्य बनाए जाने पर अजय साह ने इसे अपने लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी देश की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। उनके अनुसार, प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को सरल और प्रभावी बनाने में हिंदी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए सरकारी कार्यों में इसके अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें: देवघर में किराए के मकान से महिला का शव बरामद, पति की तलाश में जुटी पुलिस
हिंदी के संवर्धन के लिए करेंगे सक्रिय योगदान
अजय साह ने केंद्र सरकार और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजभाषा हिंदी समेत भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी के तहत वह हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कामकाज में उसके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे। यह नियुक्ति झारखंड के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे राज्य का प्रतिनिधित्व केंद्र सरकार की राजभाषा संबंधी महत्वपूर्ण समितियों में और मजबूत होगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

