टेंडर हार्ट स्कूल में योग दिवस और फादर्स डे का अनोखा संगम, स्वास्थ्य और संस्कार का दिया संदेश

Rupa Kumari | June 20, 2026 | 03:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के टेंडर हार्ट स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और फादर्स डे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखा गया था। कार्यक्रम में योग के महत्व के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों और पिता के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों ने अपने पिताओं के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हुए विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।

योग सत्र में सीखे स्वास्थ्यवर्धक आसन

विद्यालय की योग प्रशिक्षिका सृजन के नेतृत्व में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने संस्कारासन, ताड़ासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास इस प्रकार तैयार किया गया था कि बच्चे और अभिभावक दोनों इसका लाभ उठा सकें। योग प्रशिक्षिका ने नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी दी।

योग हमारी सांस्कृतिक विरासत: सुधीर तिवारी

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन सुधीर तिवारी ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है। वहीं फादर्स डे परिवार में पिता की भूमिका, उनके त्याग, मार्गदर्शन और स्नेह के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

यह भी पढ़ें: सरायकेला में दो अलग-अलग जगहों से शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

शिक्षकों और अभिभावकों की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या उषा किरण झा, निदेशक जे. मोहंती, उप-प्राचार्या शिवांगी शुक्ला, कविता किरण झा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share this news

संबंधित खबरें