Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस की चपेट में आने से सात भैंसों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के कारण लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर करीब ढाई घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14022 आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस जब कुड़ू थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के समीप पहुंची, तभी अचानक 12 भैंसों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। ट्रेन की गति अधिक होने के कारण लोको पायलट समय रहते ट्रेन को नहीं रोक सका और भैंसें उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि सात भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटनास्थल पर रुकी रही ट्रेन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भैंसों को एक पशु व्यापारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान वे भटककर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं। हादसे के बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोक दिया गया और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ट्रैक से मृत पशुओं को हटाने और रेल मार्ग को सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन को सुबह करीब 10 बजे रांची के लिए रवाना किया गया। हादसे के चलते लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर करीब ढाई घंटे तक परिचालन प्रभावित रहा। इस रेल मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और चोपन एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन होता है। ट्रैक बाधित रहने के कारण रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा।
यह भी पढ़ें: लातेहार में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत

आरपीएफ ने शुरू की जांच
लोहरदगा आरपीएफ थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पशु अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गए थे, जिसके कारण दुर्घटना हुई। रेलवे और आरपीएफ की संयुक्त टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे लाइन के आसपास पशुओं की आवाजाही आम बात है। ऐसे में भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे प्रशासन को सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

