झारखंड में मौसम का बदला मिजाज: रांची समेत 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

Meenu | June 19, 2026 | 10:41 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के पूर्वी हिस्से और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से शुक्रवार को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रांची समेत 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में वज्रपात (ठनका) की घटनाएं भी हो सकती हैं।विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

24 जून तक सक्रिय रहेगा मौसम, पूरे राज्य में येलो अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। 24 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों के लिए 24 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

देवघर में सबसे ज्यादा बारिश, मेदिनीनगर रहा सबसे गर्म

गुरुवार को राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 14 मिलीमीटर वर्षा देवघर में रिकॉर्ड की गई। वहीं मेदिनीनगर और बोकारो में भी हल्की बारिश देखने को मिली।राजधानी रांची में दिनभर बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि तापमान अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान

  • मेदिनीनगर – 42°C
  • बोकारो – 38.1°C
  • चाईबासा – 36.8°C
  • जमशेदपुर – 36.6°C
  • रांची – 35.1°C

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की सलाह

  • आंधी और वज्रपात के समय पक्के मकान या सुरक्षित स्थान पर रहें।
  • खुले मैदान में खड़े होने से बचें।
  • किसी भी परिस्थिति में पेड़ के नीचे शरण न लें।
  • बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और मोबाइल टावर से दूरी बनाए रखें।
  • मौसम खराब होने पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सीमित उपयोग करें।
  • समूह में होने पर एक ही स्थान पर भीड़ लगाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहें।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचे पेड़, मोबाइल टावर और बिजली के खंभे वज्रपात को आकर्षित कर सकते हैं, इसलिए इनके आसपास रहना खतरनाक साबित हो सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Share this news

संबंधित खबरें