Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। झारखंड विधानसभा के कक्ष संख्या 142 में विधायक बैलेट पेपर के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में सुबह से ही राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सभी दलों के विधायक मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं और अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बाद भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद और वरिष्ठ भाजपा नेता सीपी सिंह ने सबसे पहले वोट डाला। इसके बाद अन्य विधायकों के भी मतदान केंद्र पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने विधायकों की एकजुटता बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने में जुटे हुए हैं।
तीन उम्मीदवार मैदान में, मुकाबला रोचक
इस बार झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने प्रणव कुमार झा (पीके झा) को उम्मीदवार बनाया है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बैद्यनाथ राम मैदान में हैं। वहीं भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार मुकाबला मुख्य रूप से महागठबंधन समर्थित उम्मीदवारों और भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के बीच माना जा रहा है। इंडिया गठबंधन ने दोनों राज्यसभा सीटों पर जीत का दावा किया है। विधानसभा में गठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है, जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा (माले) शामिल हैं। संख्या बल के आधार पर गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है और उसके नेता दोनों उम्मीदवारों की जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: रांची यूनिवर्सिटी की डिग्री में बड़ी चूक, ‘गुलाब एक्का’ को बना दिया ‘Rose Ekka’
नाथवानी की जीत के लिए जरूरी अतिरिक्त समर्थन
वहीं एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव के गणित के अनुसार एक उम्मीदवार को जीत के लिए आवश्यक मतों की संख्या तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की नजर क्रॉस वोटिंग या अतिरिक्त समर्थन पर टिकी हुई मानी जा रही है। हालांकि दोनों पक्ष अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन अंतिम तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके बाद देर शाम तक दोनों राज्यसभा सीटों के परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। पूरे राज्य की निगाहें अब इस चुनाव के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

