Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय की ओर से मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से 27 जून 2026 को राज्य स्तरीय डिजिटल क्रिएटर्स मीट, 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की थीम “Digital Voices for an Informed Democracy” रखी गई है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी सही जानकारी का प्रसार, भ्रामक सूचनाओं का खंडन और जिम्मेदार डिजिटल संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में झारखंड के डिजिटल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, ब्लॉगर, वीडियो क्रिएटर्स और स्टोरीटेलर्स को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा। इसके माध्यम से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
80 प्रतिभागियों का होगा चयन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, कुल 80 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में डिजिटल पहुंच, कंटेंट की गुणवत्ता, प्रोफाइल की प्रामाणिकता और सामाजिक प्रभाव को आधार बनाया जाएगा। इसके अलावा अन्य इच्छुक क्रिएटर्स को ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
25 जून तक करना होगा पंजीकरण
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को 25 जून 2026 तक पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज पर उपलब्ध गूगल लिंक के माध्यम से किया जा सकता है। निर्धारित समय के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, दो मासूम बच्चों ने खोया मां का साया

लोकतंत्र में डिजिटल भागीदारी को बढ़ावा
यह पहल निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने और सही जानकारी को आम जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे डिजिटल माध्यमों के जरिए लोकतांत्रिक भागीदारी को भी मजबूती मिलेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

