राज्यसभा चुनाव से पहले रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, जांच में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | June 17, 2026 | 11:16 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, दो नकाबपोश युवक देर रात RSS कार्यालय के पास पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और उनका उद्देश्य क्या था।

राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल

राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह समेत भाजपा और संघ से जुड़े कई नेता एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। राजधानी के संवेदनशील इलाके में स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

पुलिस ने जांच तेज की

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना महज शरारत थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें