Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी राकेश रंजन ने बुधवार को जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सिटी एसपी, रूरल एसपी, ट्रैफिक एसपी, सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, यातायात व्यवस्था और पुलिसिंग की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता से संवाद बढ़ाने पर जोर
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आम लोगों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मोहल्लों, बाजारों और गांवों में लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जाए। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जेल से छूटे अपराधियों पर रहेगी नजर
बैठक में जेल से रिहा हुए अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। थाना स्तर पर ऐसे व्यक्तियों का सत्यापन करने और उनकी गतिविधियों की नियमित जानकारी जुटाने को कहा गया। एसएसपी ने सभी थानों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, गुम हुए मोबाइल और बैग से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर भी जोर दिया गया।
चोरी, चेन स्नैचिंग और नशा कारोबार पर विशेष अभियान
राजधानी में बढ़ रही चेन स्नैचिंग, चोरी, गृहभेदन, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के कारोबार पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। बैठक में दिन और रात दोनों समय पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें: झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर अमेरिकी कंपनियों की बड़ी रुचि, निवेश और तकनीकी सहयोग पर हुई चर्चा
पॉक्सो और गुमशुदगी मामलों को प्राथमिकता
बच्चों से जुड़े अपराधों और पॉक्सो मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में अनुसंधान में देरी नहीं होनी चाहिए। वहीं गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की तलाश के लिए त्वरित कार्रवाई और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए। लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने संबंधित मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अदालत से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जनता की सुरक्षा हमारी पहली जिम्मेदारी
बैठक के अंत में एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

