झारखंड में 1018 शिक्षकों को 29 जून को मिलेगा नियुक्ति पत्र, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे नियुक्ति वितरण

Rupa Kumari | June 12, 2026 | 11:34 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे 1018 अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जून को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में भव्य नियुक्ति समारोह का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार इसे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रही है।

प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए हुआ चयन

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी 1018 अभ्यर्थियों का चयन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा किया गया है। इनमें प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 5) और मध्य विद्यालय (कक्षा 6 से 8) के लिए चयनित शिक्षक शामिल हैं। आयोग की अनुशंसा के बाद जिला स्तर पर काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने का इंतजार है। राज्य सरकार इससे पहले भी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर चुकी है। हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 319 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। इनमें 198 प्राथमिक विद्यालय और 121 मध्य विद्यालय के शिक्षक शामिल थे। सरकार चरणबद्ध तरीके से रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम कर रही है, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जा सके।

26 हजार पदों पर नियुक्ति का लक्ष्य

राज्य सरकार का लक्ष्य सहायक आचार्य के कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति करना है। अब तक लगभग 10 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। हालांकि कुछ पद अब भी रिक्त हैं, जिनका कारण योग्य अभ्यर्थियों की कमी और कुछ तकनीकी प्रक्रियाएं बताई जा रही हैं। सरकार का दावा है कि शेष रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है। इस बीच, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत छह विषयों के लिए 466 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Certificate Verification) के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। इनमें माध्यमिक आचार्य और विशेष शिक्षा आचार्य दोनों श्रेणियों के उम्मीदवार शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट अधिवक्ता पर फायरिंग मामले का 20 महीने बाद खुलासा, जमीन विवाद में चचेरे भाई ने रची थी साजिश

18 और 19 जून को होगा वेरिफिकेशन

दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 18 और 19 जून को रांची के नामकुम स्थित जेएसएससी कार्यालय में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है। यदि कोई अभ्यर्थी किसी अपरिहार्य कारणवश इन तिथियों पर उपस्थित नहीं हो पाता है, तो उसे 24 जून को अंतिम अवसर दिया जाएगा। इसके बाद अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों का दावा स्वतः निरस्त माना जाएगा। सरकार और आयोग की इन प्रक्रियाओं से स्पष्ट है कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रिक्त शिक्षक पदों को भरने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें