Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी में बुधवार शाम आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान एक युवक ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी, जिसमें शमशेर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दो गोलियां लगने की सूचना है। घटना मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के पास पप्पू होटल के निकट हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। इसी दौरान एक युवक ने हथियार निकालकर शमशेर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में रिम्स रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शमशेर को तुरंत अंजुमन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक घायल शमशेर, अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायत के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम का पुत्र है। फिलहाल रिम्स में उसका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: RIMS में AC ठप होने से ऑपरेशन प्रभावित, एजेंसी पर FIR दर्ज कराने की तैयारी
आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही नामकुम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नामकुम थाना प्रभारी रामनरायण सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने आपसी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद मौलाना आजाद कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
