RIMS में AC ठप होने से ऑपरेशन प्रभावित, एजेंसी पर FIR दर्ज कराने की तैयारी

Rupa Kumari | June 11, 2026 | 10:58 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) में एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम बंद होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (RIO) में AC खराब होने के कारण नेत्र और ENT विभाग के कई निर्धारित ऑपरेशन स्थगित करने पड़े, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रिम्स प्रशासन ने इस मामले को गंभीर मानते हुए AC संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी SUVIDHA SHINRYO Pvt. Ltd. के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन एजेंसी पर FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुट गया है।

AC बंद होने से प्रभावित हुईं चिकित्सा सेवाएं

रिम्स प्रबंधन के अनुसार संबंधित एजेंसी पहले से ऑन्कोलॉजी और सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक में AC संचालन का कार्य कर रही है। RIO में AC संचालन के लिए कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया चल रही थी और इसकी जानकारी एजेंसी को ई-मेल के माध्यम से दे दी गई थी। इसके बावजूद एजेंसी द्वारा AC सेवा बंद कर दी गई, जिससे अस्पताल की महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाएं बाधित हो गईं।

यह भी पढ़ें: एनजीटी की रोक के बावजूद धनबाद में जारी बालू तस्करी, खनन विभाग ने दो वाहन किए जब्त

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच

घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सा अधीक्षक, संपदा पदाधिकारी, DMS-II और हॉस्पिटल मैनेजर की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि हाल ही में नेत्र एवं ENT विभाग को RIO भवन में स्थानांतरित किया गया है, जिसके कारण AC संचालन के लिए नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने में देरी हो रही थी।

मरीजों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रिम्स प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू की। भवन प्रमंडल संख्या-2 द्वारा चयनित उस एजेंसी को अस्थायी रूप से RIO में AC संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो वर्तमान में ट्रॉमा सेंटर में यह कार्य कर रही है। प्रशासन का दावा है कि इससे जल्द ही सभी सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। रिम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील संस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मरीजों के इलाज में बाधा पहुंचाने के मामले में संबंधित एजेंसी के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RIO की निगरानी के लिए नई टीम गठित

अस्पताल प्रबंधन ने RIO के संचालन और निगरानी के लिए नई टीम भी गठित की है। आई विभाग के HOD को सेंटर हेड बनाया गया है।
डॉ. मुकेश कुमार नीरज (DMS-II) को एडमिन नोडल की जिम्मेदारी मिली है। हिरामणि सिसिलिया कुजूर को नर्सिंग नोडल नियुक्त किया गया है। कृतिका वर्मा को हॉस्पिटल मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रिम्स प्रशासन ने दोहराया है कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें