Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : गया-पटना रेलखंड पर शनिवार देर रात एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बेलागंज थाना क्षेत्र के रिसौद गांव के समीप की है। पुलिस ने शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद खैरुद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वे गया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-48 स्थित पठान टोली इलाके के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। रेल ट्रैक पर शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की पहचान होने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया।
यह भी पढ़ें: खान सर की बढ़ीं मुश्किलें, फायर सेफ्टी उल्लंघन पर 15 दिन का नोटिस; नियम नहीं सुधरे तो बंद हो सकता है संस्थान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। पुलिस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।