Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने रविवार को सड़क दुर्घटना में घायल महिला और एक मासूम बच्चे की मदद कर संवेदनशीलता का परिचय दिया। चुटुपालू घाटी में हुए हादसे के बाद मंत्री ने अपना काफिला रुकवाकर दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
रामगढ़ जाते समय दिखा हादसा
जानकारी के अनुसार, मंत्री योगेंद्र प्रसाद रामगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची से रवाना हुए थे। इसी दौरान चुटुपालू घाटी से गुजरते समय उनकी नजर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी एक महिला और उसके छोटे बच्चे पर पड़ी। दोनों दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे थे। घयलों की स्थिति देखकर मंत्री ने बिना देर किए अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने दोनों घायलों को अपने कारकेड के वाहन से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता मिल सके। अस्पताल पहुंचने के बाद मंत्री ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
यह भी पढ़ें: साहेबगंज में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7.88 ग्राम MDMA के साथ युवक गिरफ्तार
स्थानीय लोगों ने की सराहना
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मंत्री की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि दुर्घटना के बाद त्वरित मदद मिलने से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। सड़क दुर्घटनाओं के दौरान ‘गोल्डन ऑवर’ में त्वरित चिकित्सा सहायता को जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में मंत्री की ओर से दिखाई गई तत्परता चर्चा का विषय बनी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।