गढ़वा में निजी अस्पताल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दिव्यकमल हॉस्पिटल कराया गया बंद

Rupa Kumari | June 7, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के कचहरी रोड स्थित दिव्यकमल हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार और सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी द्वारा किए गए संयुक्त औचक निरीक्षण के बाद की गई। जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हुई है। इसी शिकायत की जांच के लिए अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची। हालांकि जांच के दौरान मौत की सूचना की पुष्टि नहीं हो सकी, लेकिन अस्पताल संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण में नहीं मिले डॉक्टर

जांच के दौरान अस्पताल में कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं पाया गया। अधिकारियों ने पाया कि मरीजों का इलाज डॉक्टरों की बजाय कंपाउंडरों के भरोसे किया जा रहा था। अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी और पैथोलॉजी जैसी सेवाएं संचालित हो रही थीं, जबकि संबंधित चिकित्सकों की मौजूदगी नहीं थी। सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी ने बताया कि जिन डॉक्टरों के नाम अस्पताल से जुड़े बताए जा रहे थे, उन्होंने पहले ही लिखित रूप से सिविल सर्जन कार्यालय को सूचित कर दिया था कि वे इस अस्पताल में कार्यरत नहीं हैं। इसके बावजूद अस्पताल उनके नाम का उपयोग कर सेवाएं चला रहा था।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: सीएम आवास पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा, हेमंत सोरेन से अहम मुलाकात

फर्जीवाड़े और अनियमितताओं के आरोप

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अस्पताल में कई व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं थीं। एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि अस्पताल में एक एमबीए डिग्रीधारी व्यक्ति चिकित्सकीय कार्य करता पाया गया। वहीं पैथोलॉजी जांच के लिए योग्य कर्मी उपलब्ध नहीं थे, बावजूद इसके एचआईवी जांच से संबंधित किट रखे गए थे। उन्होंने कहा कि जिन डॉक्टरों के नाम अस्पताल के बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए हैं, उन्होंने स्वयं लिखित शिकायत देकर स्पष्ट किया है कि उनका अस्पताल से कोई संबंध नहीं है। ऐसे में अस्पताल का संचालन गंभीर सवाल खड़े करता है।

पहले भी विवादों में रहा है अस्पताल

दिव्यकमल हॉस्पिटल पूर्व में भी कई विवादों में घिर चुका है। फर्जी प्रमाणपत्र और अन्य अनियमितताओं को लेकर पहले भी प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी दी थी। अब ताजा निरीक्षण में सामने आई खामियों के बाद अस्पताल को तत्काल बंद करने का आदेश दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मरीज की मौत संबंधी सूचना की भी अलग से जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें