- मरीजों की निजता और सुरक्षा का हवाला, रिपोर्टिंग व रिकॉर्डिंग के लिए निदेशक या अधीक्षक की मंजूरी जरूरी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) प्रशासन ने अस्पताल परिसर में मीडिया की आवाजाही और कवरेज को लेकर नया निर्देश जारी किया है। नए आदेश के तहत अब बिना पूर्व अनुमति किसी भी मीडिया प्रतिनिधि को रिम्स परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही अस्पताल के भीतर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पूर्व अनुमति लेना होगा अनिवार्य
रिम्स प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग करने से पहले सक्षम प्राधिकारी की अनुमति लेना जरूरी होगा। इसके लिए निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक या अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक की पूर्व स्वीकृति अनिवार्य की गई है।
मरीजों की गोपनीयता का दिया गया हवाला
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला अस्पताल के सुचारू संचालन, मरीजों की निजता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इलाजरत मरीजों की व्यक्तिगत जानकारी और गोपनीयता की रक्षा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। नए निर्देश के तहत अब किसी भी मीडिया संस्थान या प्रतिनिधि को बिना अनुमति अस्पताल परिसर में रिपोर्टिंग, फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी की इजाजत नहीं होगी। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से आदेश का पालन करने और अस्पताल प्रबंधन को सहयोग देने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में NEET-UG अभ्यर्थी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार ने तनाव की जताई आशंका
फैसले पर शुरू हुई चर्चा
रिम्स प्रशासन के इस निर्णय के बाद मीडिया जगत में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यह कदम केवल व्यवस्था बनाए रखने और मरीजों के हितों की सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।