Samachar Post रिपोर्टर,रांची :अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बना चुके युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को जल्द एक नई जिम्मेदारी मिलने वाली है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव को स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि बेहद कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन वैभव ने अपने प्रदर्शन से करोड़ों खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। मंत्री ने उनके आत्मविश्वास और बड़े गेंदबाजों के खिलाफ निर्भीक बल्लेबाजी की सराहना करते हुए इसे असाधारण प्रतिभा का परिचायक बताया।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू का कड़ा रुख, 25 लंबित मुद्दों पर अधिकारियों से मांगा जवाब
युवाओं को स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए करेंगे प्रेरित
इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाएगा। उनका मानना है कि वैभव की लोकप्रियता का लाभ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को मिलेगा और बड़ी संख्या में युवा उनसे प्रेरणा लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
जल्द होगा सम्मान समारोह
मंत्री ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी को जल्द झारखंड आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैभव ने अपनी उपलब्धियों से न केवल अपने परिवार बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की ऐसी मिसाल पेश की है, जो लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
लगातार बढ़ रही है वैभव की लोकप्रियता
वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। हाल ही में उन्हें Complan ने भी अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था। उनकी सफलता और युवा पहचान को देखते हुए कई संस्थान और कंपनियां उनके साथ जुड़ने में रुचि दिखा रही हैं। मंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और देश को उन पर गर्व होगा।
Reporter | Samachar Post