Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट के पास शनिवार सुबह खरकई नदी में एक किशोर संदिग्ध अवस्था में तैरता मिला। स्थानीय लोगों ने उसे पानी से बाहर निकालकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बड़ौदा घाट पर रोज की तरह कई लोग खरकई नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में तैर रहे एक किशोर पर पड़ी। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्थानीय लोग तुरंत नदी में उतरे और किशोर को बाहर निकालकर किनारे लाए।
बाहर निकालने पर चल रही थीं सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाने की कोशिश की। हालांकि उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। किशोर के पास से कोई ऐसा दस्तावेज भी नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें: रांची में खराब मौसम का असर, सभी आने वाली फ्लाइटें कोलकाता डायवर्ट
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।