Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जिले के फतेहपुर प्रखंड में शुक्रवार शाम अपराधियों ने एक ज्वेलर्स कारोबारी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। फतेहपुर बाजार स्थित बर्मा ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत बर्मा से बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर नकदी और अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि व्यापारियों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कारोबारी
जानकारी के अनुसार, अमरजीत बर्मा रोज की तरह शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर बस स्टैंड के पास बजरंगबली मंदिर के समीप पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने कारोबारी को घेर लिया और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके पास मौजूद नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: चलती ब्रेजा कार में लगी भीषण आग, समय रहते बाहर निकले तीन सवार, टला बड़ा हादसा
भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात
लूट की यह घटना ऐसे समय हुई जब बाजार में लोगों की आवाजाही जारी थी और कई दुकानें खुली हुई थीं। इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के इस दुस्साहस ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग उठाई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश कितनी नकदी और कितना सामान लूटकर ले गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित कारोबारी से विस्तृत जानकारी ली जा रही है और जांच के बाद ही नुकसान का सही आकलन सामने आ सकेगा। पुलिस ने बताया कि संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।