Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा जिले में दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डोमचांच थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान काजल परवीन के रूप में हुई है। शादी को अभी केवल दो महीने ही हुए थे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मृतका के भाई सरफराज अंसारी ने बताया कि काजल परवीन की शादी 31 मार्च 2026 को बरमसिया गांव निवासी मोनसीर अंसारी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के शुरुआती दिनों तक सबकुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में स्कॉर्पियो की मांग शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें :रेलवे ट्रैक का सामान चोरी कर ले जा रहा युवक गिरफ्तार, RPF ने 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद किए
“स्कॉर्पियो की किस्त भरने के लिए मांगे जा रहे थे पैसे”
मायके पक्ष का आरोप है कि दबाव बढ़ने पर उन्होंने किसी तरह तीन लाख रुपये भी दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए और स्कॉर्पियो की दूसरी किस्त भरने के लिए अतिरिक्त पैसे की मांग करने लगे। परिजनों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर काजल को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सरफराज अंसारी ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। इससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। डोमचांच थाना पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, मृतका के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
Reporter | Samachar Post