Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :नगर निगम की दुकानों का वर्षों से किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों पर अब कार्रवाई तय मानी जा रही है। करोड़ों रुपये बकाया होने के बाद हजारीबाग नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों को अब किसी भी हालत में राहत नहीं मिलेगी। बुधवार को सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने राजस्व संग्रह को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में बकाया किराया वसूली को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा : 5 साल तक नहीं मिला मेहनताना, कैंसर पीड़ित पंप ऑपरेटर की इलाज के अभाव में मौत
एक सप्ताह की अंतिम मोहलत
नगर निगम प्रशासन ने बकायेदार दुकानदारों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वे एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा कर दें। तय समय सीमा के अंदर भुगतान नहीं करने पर संबंधित दुकानों को सील कर दिया जाएगा। इसके साथ ही निगम प्रशासन दुकानों के नए सिरे से आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू करेगा। इस फैसले के बाद दुकानदारों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
3.50 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया
समीक्षा बैठक में सामने आया कि नगर निगम क्षेत्र के 21 स्थानों पर एक हजार से अधिक म्युनिसिपल दुकानें संचालित हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन दुकानों पर कुल बकाया राशि लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये तक पहुंच गई है। सबसे चिंता की बात यह है कि 400 से अधिक दुकानदार ऐसे हैं, जिनका किराया दो साल से ज्यादा समय से लंबित है। इनमें कई दुकानदारों पर 50 हजार रुपये से अधिक का बकाया है। बैठक में मटवारी स्थित म्युनिसिपल दुकानों की स्थिति पर भी चिंता जताई गई। यहां करीब 158 दुकानों पर 51 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जल्द कार्रवाई करने की बात कही।
आज से चलेगा विशेष वसूली अभियान
सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने शुक्रवार से विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों से कहा गया है कि बकायेदार दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निगम की संपत्तियों का उपयोग कर व्यापार करने वाले दुकानदार यदि समय पर किराया नहीं देंगे तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर प्रबंधक सह नोडल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार सूरज कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने कहा है कि राजस्व वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post