Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। पड़वा थाना क्षेत्र के बटसारा गांव में पुआल काटने वाली मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के गोल्हना गांव निवासी दशरथ प्रजापति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार और बच्चों का पालन-पोषण करता था।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में अकीदत और सौहार्द के साथ मनाई गई बकरीद, अमन-चैन की मांगी गई दुआ
पुआल डालते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोल्हना गांव से एक ट्रैक्टर तीन मजदूरों को लेकर बटसारा गांव निवासी सुरेश पासवान के खलिहान में पुआल काटने पहुंचा था। वहां सभी मजदूर मशीन से पुआल काटने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दशरथ प्रजापति मशीन में पुआल डाल रहा था। तभी अचानक उसका हाथ मशीन के अंदर चला गया। मशीन की रफ्तार तेज होने की वजह से वह संभल नहीं सका और पूरी तरह मशीन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे तक हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी चिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मजदूर की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजन ट्रैक्टर मालिक से उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। इसको लेकर घटनास्थल पर करीब तीन घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही। ग्रामीण लगातार मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। बाद में ट्रैक्टर मालिक की ओर से मुआवजा देने पर सहमति बनने के बाद मामला शांत हुआ।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस हादसे के बाद गोल्हना और बटसारा गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी महाराणा प्रताप सिंह, उपेंद्र नाथ सिंह और हरेन्द्र राम समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों और खलिहानों में काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की वजह से इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कृषि कार्यों में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post