Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची रेलवे स्टेशन पर “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बच्चे के गले से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। घटना 26 मई 2026 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा करने आए एक यात्री के बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट किसी अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर छीन लिया था। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
यह भी पढ़ें :अंधेरे में डूबा हजारीबाग का मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मासूम को हाथ से हवा देते दिखे पिता
CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
मामले की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज खंगालने के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई। इसके बाद आरपीएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 से आरोपी गिरफ्तार
28 मई 2026 को सीसीटीवी स्टाफ से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट रांची, डिविजनल TOPB टीम और CIB रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम ऋतिक मिश्रा बताया, जो बोकारो का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ और पैन कार्ड की कॉपी बरामद हुई।
शिकायतकर्ता ने की लॉकेट की पहचान
शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा को जब बरामद लॉकेट दिखाया गया तो उन्होंने तुरंत उसे अपने बच्चे का लॉकेट बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने भी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी और बरामद सामान को जीआरपी रांची के हवाले कर दिया। जीआरपी ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, स्टाफ मयंक सिंह, डिविजनल TOPB टीम के एएसआई अनिल कुमार, राज कुमार सिंह, हेमंत और CIB रांची की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई की रेलवे यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
Reporter | Samachar Post